August 26, 2026 10:46 am

Haiwaan Trailer: अक्षय और सैफ की ‘हैवान’ के ट्रेलर में कितनी झलक?

Haiwaan Trailer: अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी 18 साल बाद रूपहले पर्दे पर वापस आ रही है. उनकी नई फिल्म ‘हैवान’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है. इसे देखकर इतना तो साफ है कि इस बार कॉमेडी नहीं, बल्कि एक खतरनाक टकराव देखने को मिलने वाला है. प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी फिल्म ‘हैवान’ का ट्रेलर एक ऐसे मुकाबले की झलक देता है, जहां एक तरफ है हीरो और दूसरी तरफ हैवान.

अक्षय-सैफ की भिड़ंत सबसे बड़ा आकर्षण

ट्रेलर की सबसे बड़ी ताकत अक्षय कुमार और सैफ अली खान का आमना-सामना है. दोनों कलाकार इससे पहले 2008 में आई फिल्म ‘टशन’ में साथ नजर आए थे. करीब 18 साल बाद दोनों की वापसी अपने आप में दर्शकों के लिए बड़ा आकर्षण है.

अक्षय यहां एक्शन और गंभीर अंदाज में नजर आते हैं, जबकि सैफ का किरदार रहस्यमयी और खतरनाक दिखाई देता है. दोनों के बीच की टेंशन ट्रेलर को पकड़कर रखती है. खास बात यह है कि फिल्म किसे हीरो और किसे असली हैवान साबित करेगी, इसका जवाब ट्रेलर पूरी तरह नहीं देता

प्रियदर्शन का बदला हुआ अंदाज

‘भूल भुलैया’ जैसी फिल्म का निर्देशन करने वाले निर्देशक प्रियदर्शन का नाम सुनते ही अक्सर कॉमेडी और हल्के-फुल्के मनोरंजन की याद आती है, लेकिन ‘हैवान’ में उनका अंदाज काफी अलग नजर आ रहा है. ट्रेलर में गंभीर माहौल, तेज रफ्तार एक्शन और लगातार बढ़ता तनाव दिखाई देता है.

फिल्म की कहानी को लेकर मेकर्स ने अभी भी काफी कुछ छिपाकर रखा है. ट्रेलर ज्यादा कहानी बताने के बजाय अक्षय और सैफ के किरदारों के बीच होने वाली भिड़ंत को स्थापित करता है.

सपोर्टिंग कास्ट भी मजबूत

बोमन ईरानी, सैयामी खेर, श्रिया पिलगांवकर और शारिब हाशमी जैसे कलाकार फिल्म को सपोर्ट करते दिखाई देते हैं. हालांकि ट्रेलर में फोकस साफ तौर पर अक्षय और सैफ पर रखा गया है.

ट्रेलर की सबसे बड़ी ताकत और कमजोरी

ट्रेलर की सबसे बड़ी ताकत है अक्षय कुमार बनाम सैफ अली खान. दोनों की स्क्रीन प्रेजेंस और 18 साल बाद साथ वापसी फिल्म के लिए बड़ा यूएसपी बन सकती है.

वहीं, कमजोरी यह है कि ट्रेलर कहानी की दिशा को लेकर बहुत ज्यादा खुलासा नहीं करता. जिन दर्शकों को कहानी और किरदारों की गहराई चाहिए, उनके लिए यह ट्रेलर कुछ सवाल छोड़ सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Cricket Live

Horoscope

Share Market