November 21, 2026 2:19 am

मां के पार्थिव शरीर के सामने खामोश खड़ा बेटा… CM योगी के भीतर आज भी जिंदा है ‘मां का लाल’

Yogi Adityanath Mother

Yogi Adityanath Mother Death: मन का शांत हो जाना, शरीर का निढाल पड़ जाना और सामने लेटी मां को एकटक निहारती बेटे की आंखें… शायद किसी भी इंसान की जिंदगी का सबसे भारी और मुश्किल पल यही होता है. उस वक्त न कोई पद मायने रखता है, न प्रतिष्ठा और न पहचान. सारी दुनिया सिमटकर एक रिश्ते पर आ जाती है… मां और बेटे का रिश्ता.

योगी आदित्यनाथ भले ही संन्यास की राह पर चल पड़े हों, भगवा वस्त्र धारण कर लिए हों और अपना पूरा जीवन समाज व प्रदेश की सेवा में समर्पित कर दिया हो, लेकिन मां के सामने वह आज भी वही बेटा हैं, जिसकी दुनिया कभी मां के आंचल में सिमट जाती थी. मां को खोने का दर्द न संन्यास मिटा सकता है और न वैराग्य कम कर सकता है.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने भाषणों और सोशल मीडिया पोस्ट में अक्सर एक संस्कृत श्लोक का जिक्र करते रहे हैं. यह श्लोक है…

‘नास्ति मातृसमा छाया, नास्ति मातृसमा गतिः. नास्ति मातृसमं त्राणं, नास्ति मातृसमा प्रिया॥’

इसका अर्थ है कि मां के समान कोई छाया नहीं, मां के समान कोई सहारा नहीं, मां के समान कोई रक्षक नहीं और मां के समान कोई प्रिय भी नहीं. मां की अहमियत बताने वाला यह श्लोक आज खुद योगी आदित्यनाथ की जिंदगी के सबसे भावुक पल से जुड़ गया है.

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित पंचूर गांव में 91 साल की उम्र में योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी ने अंतिम सांस ली. एक मां, जिसने अपने बेटे को जन्म दिया, उसे संस्कार दिए, अपनी आंखों के सामने बड़ा होते देखा और फिर उसे देश-दुनिया की जिम्मेदारियों के लिए समर्पित होते देखा. आज वही मां हमेशा के लिए खामोश हो गई.

मां के सामने हर पहचान छोटी पड़ जाती है

मां का जाना सिर्फ परिवार के एक सदस्य का दुनिया से विदा होना नहीं है. यह उस छांव का उठ जाना है, जिसके नीचे इंसान उम्र के किसी भी पड़ाव पर खुद को बच्चा महसूस करता है. दुनिया के लिए कोई मुख्यमंत्री हो सकता है, कोई संत हो सकता है या कोई बड़ा पदाधिकारी, लेकिन मां के लिए वह हमेशा उसका बेटा ही रहता है.

योगी आदित्यनाथ की खामोशी में आज एक बेटे का दर्द महसूस किया जा सकता है. उन आंखों में बचपन की यादें होंगी, मां की ममता होगी और वह खालीपन होगा, जिसे शब्दों में बयां करना मुमकिन नहीं.

मां कभी यादों से विदा नहीं होती

मां सचमुच कभी नहीं जाती. वह अपनी सीख, अपने संस्कार, अपनी दुआओं और अपनी यादों में हमेशा जिंदा रहती है. मां की गोद से लेकर जीवन के संघर्षों तक उसका साथ भले ही अब शारीरिक रूप से न रहे, लेकिन उसकी छाया ताउम्र बेटे के साथ चलती है.

आज योगी आदित्यनाथ के कहे वही शब्द याद आ रहे हैं कि मां के समान न कोई छाया है, न कोई सहारा और न कोई प्रिय. मां सावित्री देवी को विनम्र श्रद्धांजलि. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें.

ॐ शांति.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Cricket Live

Horoscope

Share Market