Bhojpuri Chhath Song: छठ महापर्व का नाम आते ही लोक आस्था, सूर्य उपासना और छठी मइया के गीतों की मिठास कानों में गूंजने लगती है. लेकिन इस बार एक ऐसा छठ गीत सामने आया है, जो सिर्फ पूजा-पाठ और परंपराओं की बात नहीं करता, बल्कि उस इंतजार को भी आवाज देता है, जिससे हजारों परिवारों की कहानियां जुड़ी हैं. परदेश में काम कर रहे पति की राह देखती एक पत्नी, आंखों में मिलने की उम्मीद और मन में अपने सुहाग की सलामती की दुआ. इसी भावनात्मक कहानी को लेकर आया है नया भोजपुरी छठ गीत ‘बूझीं दरद ए हो छठी मइया’.
लोकप्रिय पार्श्व गायिका प्रियंका सिंह की आवाज में रिलीज हुए इस गीत को लिखा है भोजपुरी के चर्चित गीतकार मनोज भावुक ने. खरना के पावन अवसर पर रिलीज इस गीत में एक ऐसी नवविवाहिता की मनोदशा को दिखाया गया है, जिसका पति छठ के मौके पर भी घर नहीं लौट पाया है. चारों तरफ पर्व की रौनक है, घर में पूजा की तैयारियां चल रही हैं, लेकिन उसके मन में सिर्फ एक सवाल है कि आखिर उसका पिया कब लौटेगा.
ठेकुआ के लिए गेहूं सुखाती रही, निगाहें दरवाजे पर टिकी रहीं
गीत की कहानी बेहद सहज तरीके से आगे बढ़ती है. छठ की तैयारियों के बीच पत्नी छत पर ठेकुआ बनाने के लिए गेहूं सुखा रही है. घर में पर्व की हलचल है, लेकिन उसका मन कहीं और अटका है. उसकी नजरें बार-बार घर के दरवाजे की तरफ उठ जाती हैं. दीपक जलाने बैठती है तो उसकी लौ में भी उसे अपने पति का चेहरा नजर आता है.
उसकी पीड़ा तब और गहरी हो जाती है, जब वह छठी मइया के सामने अपनी मन की बात कहती है. वह मां से क्षमा मांगती है कि पूजा में उसका ध्यान नहीं लग पा रहा. आखिर लगे भी कैसे, जब मन अपने परदेशी पिया की राह देख रहा हो. गीत की यही पंक्तियां उस स्त्री के मन की बेचैनी को सामने लाती हैं, जो आस्था और प्रेम के बीच अपने इंतजार को छिपा नहीं पा रही.
घाट पर अचानक लौट आया परदेशी पिया
गीत का सबसे भावुक मोड़ छठ घाट पर आता है. पत्नी सूर्योपासना की तैयारी में जुटी है और मन ही मन अपने पति की सलामती की दुआ कर रही है. तभी अचानक उसका पति सामने आ जाता है. वह बताता है कि ट्रेन में भारी भीड़ और हादसे की वजह से उसे दूसरी ट्रेन से सफर करना पड़ा, इसलिए घर पहुंचने में देर हो गई.
पति को सकुशल सामने देखकर पत्नी की आंखें भर आती हैं. जिस चेहरे को देखने के लिए वह पूरे पर्व बेचैन रही, वह आखिरकार उसके सामने है. उसकी खुशी आंसुओं के रूप में छलक पड़ती है. वह भावुक होकर छठी मइया की महिमा को नमन करती है और कह उठती है- ‘हे छठी मइया, राउर लीला रउरे बूझीं.’ इसके बाद वह पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ सूर्यदेव की उपासना में जुट जाती है.
प्रियंका सिंह की आवाज ने गीत में घोली भावनाओं की मिठास
मनोज भावुक ने इस गीत में लोकजीवन की उस संवेदना को पकड़ा है, जो भोजपुरी समाज की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है. परदेश में रहकर परिवार के लिए कमाने वाले पति और त्योहारों पर उनके लौटने की बाट जोहती पत्नियों का इंतजार इस गीत को खास बनाता है. इसमें पति-पत्नी का प्रेम है, विरह की कसक है और छठी मइया के प्रति अटूट विश्वास भी.
प्रियंका सिंह ने अपनी गायकी से इस कहानी के दर्द, उम्मीद और खुशी के अलग-अलग रंगों को आवाज दी है. गीत का संगीत विनीत शाह ने तैयार किया है. संगीत संयोजन और प्रोग्रामिंग की जिम्मेदारी संतोष रे ने संभाली है. लाइव तबला, ढोलक और वायलिन की धुनों से राजेश मिश्रा ने गीत को और प्रभावशाली बनाया है. वहीं, डीआई का काम अमन कश्यप और मिक्सिंग-मास्टरिंग अवनीश सिंह ने की है. यह गीत प्रियंका सिंह ऑफिशियल के बैनर तले रिलीज किया गया है.
सिर्फ छठ गीत नहीं, इंतजार करती एक पत्नी के दिल की आवाज
‘बूझीं दरद ए हो छठी मइया’ की खासियत यह है कि यह छठ महापर्व को सिर्फ धार्मिक अनुष्ठान के तौर पर नहीं देखता, बल्कि उससे जुड़ी मानवीय भावनाओं को भी सामने लाता है. यह उस पत्नी की कहानी है, जिसकी पूजा में पति की सलामती की कामना शामिल है, जिसकी आंखों में मिलन का सपना है और जिसके विश्वास में छठी मइया के प्रति अटूट समर्पण है.
छठ के पारंपरिक गीतों के बीच यह रचना प्रेम, विरह और आस्था का ऐसा संगम पेश करती है, जो सुनने वालों को भावुक कर सकता है. आखिर छठ की पूजा में सिर्फ अर्घ्य और दीप नहीं होते, इसमें लाखों परिवारों की उम्मीदें, मन्नतें और अपनों के सकुशल लौटने की प्रार्थनाएं भी शामिल होती हैं.









