November 13, 2026 9:05 pm

मौत बनकर दौड़ी मिनी बस! ट्रक-कंटेनर में आमने-सामने भिड़ंत, काजीरंगा में 12 की मौत

Kaziranga Accident

Kaziranga Accident: असम के काजीरंगा से शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां तेज रफ्तार मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि मिनी बस के परखच्चे उड़ गए. हादसे में कम से कम 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. मरने वालों में ज्यादातर छात्र बताए जा रहे हैं. वहीं, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में मृतकों की संख्या 23 तक बताई गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. बस के अंदर कई यात्री बुरी तरह फंस गए थे. टक्कर के चलते वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था. ऐसे में राहत और बचाव दल को यात्रियों और शवों को बाहर निकालने के लिए बस को काटना पड़ा. हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रेस्क्यू टीम को अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह?

गोलाघाट के एसएसपी स्वप्ननील डेका ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि मिनी बस बोकाखाट से नगांव की तरफ जा रही थी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस की रफ्तार काफी तेज थी. इसी दौरान ड्राइवर ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई. फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है.

अस्पतालों में घायलों का इलाज जारी

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. घायलों को तत्काल कोहोरा मॉडल अस्पताल ले जाया गया. इनमें कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है. गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. फिलहाल प्रशासन की ओर से हादसे में प्रभावित लोगों की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है. बस में कुल कितने लोग सवार थे, यह आंकड़ा भी अभी सामने नहीं आया है.

5 साल में 15 हजार की गई जान

काजीरंगा का यह हादसा एक बार फिर असम में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है. केंद्र सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, साल 2020 से 2024 के बीच असम में सड़क दुर्घटनाओं में 15,306 लोगों की मौत हुई है. आंकड़े बताते हैं कि राज्य में सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जानलेवा बना हुआ है.

साल 2022 में सड़क दुर्घटनाओं में 2,994 लोगों की मौत हुई थी. 2023 में यह आंकड़ा बढ़कर 3,296 पहुंच गया, जबकि 2024 में सबसे ज्यादा 3,351 लोगों ने सड़क हादसों में अपनी जान गंवाई. यानी सड़क पर होने वाली दुर्घटनाएं हर साल सैकड़ों परिवारों को तबाह कर रही हैं. काजीरंगा में हुआ ताजा हादसा भी इसी खतरे की एक और दर्दनाक तस्वीर पेश करता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Cricket Live

Horoscope

Share Market