दुनिया भर में कामकाज का बड़ा हिस्सा जिस Microsoft के भरोसे चलता है, उसकी सेवाओं में आई एक बड़ी तकनीकी गड़बड़ी ने हजारों कंपनियों और लाखों यूजर्स की मुश्किलें बढ़ा दीं. Microsoft Office, Outlook और Teams जैसी लोकप्रिय सेवाएं 11 घंटे से ज्यादा समय तक प्रभावित रहीं. कहीं ईमेल का एक्सेस बंद हो गया तो कहीं जरूरी फाइलें खुलनी बंद हो गईं.
कंपनियों के कामकाज से लेकर सरकारी संस्थानों, स्कूलों और हेल्थकेयर सेवाओं तक इसका असर देखने को मिला. इस बीच सोशल मीडिया पर साइबर अटैक की आशंका जताई जाने लगी. सवाल उठने लगा कि क्या दुनिया के सबसे बड़े टेक प्लेटफॉर्म्स में शामिल Microsoft पर किसी ने बड़ा साइबर हमला किया है? अब कंपनी ने खुद सामने आकर इन अटकलों पर जवाब दिया है.
दुनियाभर में मचा हड़कंप
Microsoft की सेवाओं में गड़बड़ी की शिकायतें गुरुवार रात करीब 11:30 बजे (IST) से सामने आने लगीं. देखते ही देखते शिकायतों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी. आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट Downdetector के मुताबिक, Outlook को लेकर एक समय करीब 1.30 लाख यूजर्स ने परेशानी की शिकायत दर्ज कराई. बाद में नई शिकायतों की संख्या घटकर करीब 10 हजार रह गई. Microsoft Office और Teams को लेकर भी हजारों यूजर्स ने सेवाएं बाधित होने की रिपोर्ट की.
इस तकनीकी संकट का असर सिर्फ आम यूजर्स तक सीमित नहीं रहा. दुनियाभर में कारोबार करने वाली कंपनियां, सरकारी एजेंसियां, शैक्षणिक संस्थान और हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स भी प्रभावित हुए. भारत की एयरलाइन IndiGo के अलावा AI सेक्टर की कंपनियों OpenAI और Anthropic पर भी इस आउटेज का असर पड़ने की खबरें सामने आईं.
क्या Microsoft पर हुआ था साइबर अटैक?
लगातार बढ़ती परेशानी के बीच सबसे बड़ा सवाल यही था कि आखिर Microsoft की सेवाएं अचानक ठप कैसे हो गईं? हाल के दिनों में साइबर सिक्योरिटी से जुड़ी घटनाओं को देखते हुए यूजर्स ने साइबर हमले की आशंका भी जताई. लेकिन Microsoft के एग्जीक्यूटिव Charles Lamanna ने इन अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश की.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि कंपनी इस आउटेज से ग्राहकों को हुई परेशानी के लिए खेद जताती है और समस्या को ठीक करने में जुटी है. साथ ही उन्होंने साफ किया कि फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है जिससे यह लगे कि इस घटना के पीछे किसी तरह की दुर्भावनापूर्ण गतिविधि या साइबर हमला है. यानी कंपनी के शुरुआती आकलन के मुताबिक, यह मामला साइबर हमले का नहीं बल्कि तकनीकी और कॉन्फिगरेशन से जुड़ी गड़बड़ी का था.
AWS पर भी उठे सवाल, लेकिन कंपनी का इनकार
शुरुआत में इस आउटेज के पीछे Amazon Web Services यानी AWS की गड़बड़ी होने की अटकलें भी लगाई गईं. इसकी वजह यह थी कि दुनिया की कई बड़ी डिजिटल सेवाएं क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर निर्भर हैं. हालांकि AWS ने इन खबरों को खारिज कर दिया. कंपनी ने कहा कि उसकी सेवाएं सामान्य रूप से काम कर रही थीं और इंटरनेट पर कहीं दूसरी जगह आई गड़बड़ी के कारण कुछ गलत रिपोर्ट्स सामने आ रही हैं.
इसके बाद Microsoft की आधिकारिक जानकारी से इस तकनीकी संकट की वजह को लेकर तस्वीर कुछ हद तक साफ हुई.
एक Configuration Change ने कैसे बिगाड़ा पूरा सिस्टम? Microsoft 365 के स्टेटस पेज के मुताबिक, कंपनी सर्वर से जुड़ी एक कॉन्फिगरेशन में बदलाव का परीक्षण कर रही थी. इसका मकसद उस समस्या को दूर करना था, जिसकी वजह से कुछ सर्वर ऑटोमेटेड हेल्थ चेक पास नहीं कर पा रहे थे और अनुपलब्ध हो रहे थे.
आसान भाषा में समझें तो Microsoft के सिस्टम लगातार अपने सर्वरों की जांच करते हैं कि वे यूजर्स का ट्रैफिक संभालने की स्थिति में हैं या नहीं. इसे ऑटोमेटेड हेल्थ चेक कहा जाता है. समस्या तब पैदा हुई जब कई सर्वर इन जांचों में फेल होने लगे. इसके चलते सिस्टम ने उन्हें ट्रैफिक के लिए अनुपलब्ध मान लिया.
नतीजा यह हुआ कि जो सर्वर काम कर रहे थे, उन पर यूजर्स का अतिरिक्त दबाव बढ़ने लगा. ट्रैफिक का बोझ बढ़ने से बाकी सर्वरों पर भी दबाव पड़ा और समस्या एक सेवा से निकलकर Microsoft के कई प्लेटफॉर्म तक फैलती चली गई. यानी सर्वर को दुरुस्त करने के लिए किए जा रहे कॉन्फिगरेशन बदलाव ने ही संकट को और गंभीर बना दिया.
Outlook, Teams और Copilot तक पहुंचा आउटेज
इस गड़बड़ी का सबसे ज्यादा असर Microsoft Exchange Online पर पड़ा, जो Outlook की ईमेल सेवाओं को संचालित करता है. यूजर्स अपने मेलबॉक्स तक नहीं पहुंच पा रहे थे. कई लोगों को Microsoft 365 में मौजूद फाइलों को खोलने और इस्तेमाल करने में भी दिक्कत हुई. Microsoft 365 का Admin Centre भी कुछ यूजर्स के लिए लोड नहीं हो रहा था.
Microsoft का AI टूल Copilot भी इस तकनीकी संकट से अछूता नहीं रहा. यूजर्स ने शिकायत की कि वे चैटबॉट का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं. कुछ लोगों को Copilot के जरिए अपनी फाइलों तक पहुंचने में भी परेशानी हुई. इसके अलावा Microsoft Teams की सेवाएं भी प्रभावित रहीं.
Microsoft ने शुरू की मरम्मत, लेकिन रिकवरी में देरी
शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे तक Microsoft की ज्यादातर बची हुई समस्याएं Exchange Online पर केंद्रित हो गई थीं. कंपनी के प्रवक्ता ने भी पुष्टि की कि Microsoft 365 की सेवाओं में आ रही दिक्कतों की जांच की जा रही है और मुख्य समस्या Exchange Online से जुड़ी है.
कंपनी ने शुरुआत में सर्वर के एक छोटे हिस्से पर कॉन्फिगरेशन बदलाव को टेस्ट करने की योजना बनाई. इसके बाद इसे बड़े स्तर पर लागू करने और सर्वर रीस्टार्ट करने की तैयारी की गई. Microsoft ने हाल ही में किए गए एक नेटवर्क कॉन्फिगरेशन बदलाव को वापस लेने की प्रक्रिया भी शुरू की, जिसका समय आउटेज की शुरुआत से मेल खा रहा था.
हालांकि, समस्या ठीक करने की कोशिशों के बीच एक नई चुनौती सामने आ गई. जो सर्वर दोबारा ऑनलाइन आए, वे ट्रैफिक का दबाव बढ़ते ही अनुत्तरदायी होने लगे. इससे सेवाओं को सामान्य स्थिति में लाने की प्रक्रिया धीमी पड़ गई.
Microsoft ने बताया कि सेवा को बेहतर बनाने के लिए किए गए बदलाव उम्मीद के मुताबिक काम नहीं कर रहे हैं. ऐसे में कंपनी अब दूसरे विकल्पों पर काम कर रही है, ताकि लगातार बढ़ते ट्रैफिक के दबाव को संभालने की क्षमता बढ़ाई जा सके.
पहले भी बड़े डिजिटल आउटेज ने दुनिया को चौंकाया
वैश्विक स्तर पर डिजिटल सेवाओं का ठप होना कोई पहली घटना नहीं है. जुलाई 2024 में CrowdStrike के एक सॉफ्टवेयर अपडेट से जुड़ी गड़बड़ी के कारण दुनियाभर में करीब 85 लाख Windows डिवाइस प्रभावित हुए थे. इस घटना ने एयरलाइंस, बैंकिंग और कई दूसरी जरूरी सेवाओं को बुरी तरह प्रभावित किया था.
इसके अलावा AWS और Cloudflare में आई अलग-अलग तकनीकी गड़बड़ियों ने भी हजारों यूजर्स की ऑनलाइन सेवाओं को बाधित किया था. Microsoft का ताजा आउटेज एक बार फिर यह दिखाता है कि दुनिया की डिजिटल व्यवस्था कितनी हद तक कुछ बड़े टेक प्लेटफॉर्म्स और उनके सर्वर इंफ्रास्ट्रक्चर पर निर्भर हो चुकी है.
फिलहाल Microsoft ने साइबर हमले की आशंका से इनकार किया है और इसे तकनीकी कॉन्फिगरेशन से जुड़ी समस्या बताया है. लेकिन इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि जब दुनिया का बड़ा हिस्सा एक ही डिजिटल इकोसिस्टम पर निर्भर हो, तो वहां होने वाली एक छोटी सी तकनीकी चूक भी कितने बड़े पैमाने पर कामकाज को ठप कर सकती है.









