September 3, 2026 10:35 am

सुपरस्टार पवन कल्याण का वो सफर, जहां हार के बाद भी नहीं रुका सफलता का तूफान

Pawan Kalyan Birthday

Pawan Kalyan Birthday: 2 सितंबर की तारीख तेलुगु सिनेमा के लिए सिर्फ एक जन्मदिन नहीं है. ये उस शख्स का दिन है, जिसने पहले पर्दे पर अपनी शर्तों पर जगह बनाई और फिर सियासत में उतरकर उन्हीं शर्तों को और बड़ा कर दिया. पवन कल्याण आज 55 साल के हो गए हैं. जन्मदिन पर OG 2 के मेकर्स ने एक खास वीडियो जारी किया है, जिसमें पवन कल्याण खुद इस बड़े प्रोजेक्ट को लेकर बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं और टीम से अपना सर्वश्रेष्ठ देने की उम्मीद जता रहे हैं.

लेकिन पवन कल्याण की कहानी सिर्फ OG, स्टारडम या बॉक्स ऑफिस की कहानी नहीं है. असली कहानी उन पड़ावों की है, जहां उन्हें लगा होगा कि रास्ता खत्म हो चुका है, लेकिन उन्होंने वहीं से दोबारा शुरुआत की.

थोली प्रेमा, थम्मुडु, बद्री, कुशी, जलसा और फिर गब्बर सिंह और अत्तारिन्टिकी दारेदी. इन फिल्मों ने एक अभिनेता को स्टार नहीं, बल्कि एक ऐसा फैन बेस दिया जो उनके नाम से आगे बढ़कर एक जुनून बन गया. उनका अंदाज, संवाद बोलने का तरीका और पर्दे पर बगावती तेवर उन्हें बाकी सितारों से अलग करते रहे.

Pawan Kalyan Birthday

फिर आया 2014. पवन ने फिल्मों की सुरक्षित दुनिया छोड़कर जनसेना पार्टी बनाई. यहां कहानी आसान नहीं थी. 2019 में जनसेना सिर्फ एक विधानसभा सीट जीत सकी और खुद पवन कल्याण गजुवाका और भीमावरम दोनों सीटों से चुनाव हार गए. किसी भी राजनेता के लिए ये वो मोड़ होता है, जहां वापसी लगभग असंभव लगती है.

पवन ने हार को विराम नहीं बनने दिया. पांच साल बाद 2024 में तस्वीर पूरी तरह पलट गई. जनसेना ने जिन 21 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ा, सभी जीत लीं. दोनों लोकसभा सीटें भी पार्टी के खाते में आईं. पिथापुरम से पवन कल्याण की बड़ी जीत हुई और वह आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम बने.

यानी जिस शख्स की राजनीतिक जमीन कभी सिर्फ उम्मीद पर खड़ी थी, वही आज सत्ता के केंद्र में है.

अब OG 2 उसी कहानी का अगला सिनेमाई अध्याय है. पर्दे पर ‘OG’ का किरदार और असल जिंदगी में पवन कल्याण. दोनों के बीच एक दिलचस्प समानता है. दोनों हार मानने वालों में से नहीं हैं. शायद यही वजह है कि पवन कल्याण के जन्मदिन पर जारी OG 2 का वीडियो सिर्फ एक फिल्म का अपडेट नहीं लगता. ये उस ‘फीनोमेनन’ की वापसी का अगला पोस्टर है, जिसने हर बार अपने लिए रास्ता खुद बनाया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Cricket Live

Horoscope

Share Market