August 12, 2026 4:14 pm

शादी के 29 दिन, 16वीं मंजिल और रहस्यमय मौत… नोएडा में नवविवाहिता के साथ आखिर क्या हुआ?

सौरभ शर्मा, लखनऊ

दिल्ली से सटे नोएडा में शादी के महज 29 दिन बाद एक 24 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. महिला ने रविवार शाम सेक्टर-108 स्थित एक सोसाइटी की 16वीं मंजिल से कथित तौर पर छलांग लगा दी. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. महिला के मायके वालों ने उसके पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है.

पुलिस ने परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मृतका की पहचान कामिनी कुमारी के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, कामिनी की शादी 11 जुलाई को मंथन धीमान से हुई थी. शादी के बाद दोनों नोएडा के सेक्टर-108 स्थित डिवाइन मीडोज सोसाइटी में किराए के फ्लैट में रह रहे थे.

पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे कामिनी ने कथित तौर पर फ्लैट से छलांग लगा दी. तेज आवाज सुनकर सोसाइटी के लोग मौके पर पहुंचे और महिला को अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है.

पति ने बताया- डिप्रेशन का चल रहा था इलाज

सेक्टर-39 थाना प्रभारी डीपी शुक्ला के मुताबिक, पूछताछ के दौरान पति मंथन धीमान ने पुलिस को बताया कि कामिनी डिप्रेशन से जूझ रही थी और उसका इलाज चल रहा था. पुलिस के अनुसार, कामिनी पहले एक बीपीओ में काम करती थी, लेकिन कुछ समय पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी.

मंथन मूल रूप से देहरादून का रहने वाला है. एक निजी कंपनी में वीडियो एडिटर के तौर पर काम करता है.

मायके वालों ने लगाए दहेज प्रताड़ना के आरोप

कामिनी की मौत की खबर मिलने के बाद उसके परिजन नोएडा पहुंचे. परिवार ने उसके पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया. परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.

पुलिस का कहना है कि परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस जांच में सामने आएगी पूरी तस्वीर

कामिनी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और परिवार की शिकायत के साथ-साथ पति के बयानों की भी जांच कर रही है.

फिलहाल पुलिस के सामने दो अहम पहलू हैं—पति की ओर से बताया गया मानसिक स्वास्थ्य संबंधी कारण और मायके वालों की ओर से लगाए गए दहेज प्रताड़ना के आरोप. जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Cricket Live

Horoscope

Share Market