November 24, 2026 2:57 am

IFFI 2026: अयान मुखर्जी और बेसिल जोसेफ ने बताया, कैसे बनेगा भारतीय सुपरहीरो का अपना सिनेमाई संसार?

मुकेश के गजेंद्र, वरिष्ठ फ़िल्म पत्रकार, पणजी, गोवा 

गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI 2026) में सुपरहीरो, भारतीय पौराणिक कथाओं और फैंटेसी की दुनिया पर खास चर्चा हुई. ‘The Epic Genres – Mythologies, Superheroes & New Worlds’ नाम के इस सेशन में फिल्ममेकर अयान मुखर्जी और बेसिल जोसेफ ने अपनी फिल्मों और भारतीय सिनेमा में सुपरहीरो की संभावनाओं पर खुलकर बात की. इस बातचीत को फिल्म पत्रकार पूजा तलवार ने मॉडरेट किया.

भारतीय सुपरहीरो की पहचान क्या होगी?

‘मिन्नल मुरली’ के निर्देशक बेसिल जोसेफ ने कहा कि भारतीय सिनेमा में हीरो पहले से ही बड़े पर्दे पर असाधारण और सुपरहीरो जैसी खूबियों के साथ पेश किए जाते रहे हैं. ऐसे में एक अलग सुपरहीरो यूनिवर्स तैयार करना चुनौतीपूर्ण है. उन्होंने बताया कि ‘मिन्नल मुरली’ में लुंगी से चेहरा ढककर और चप्पल पहनकर दौड़ने वाले सुपरहीरो जैसे दृश्य रचनात्मक सोच और बजट की सीमाओं से निकले दिलचस्प प्रयोग थे.

वहीं, ‘ब्रह्मास्त्र’ के निर्देशक अयान मुखर्जी ने कहा कि उन्हें हमेशा इस विचार ने आकर्षित किया कि असाधारण शक्तियां आम इंसानों के भीतर भी हो सकती हैं. उन्होंने स्वीकार किया कि ‘ब्रह्मास्त्र’ की शुरुआती कल्पना में ‘हैरी पॉटर’ जैसी पश्चिमी फैंटेसी फिल्मों का प्रभाव था, लेकिन भारतीय आध्यात्मिकता और संस्कृति को कहानी में शामिल करने से फिल्म की अपनी अलग पहचान बनी.

भारतीय पौराणिक कथाओं में छिपा है सुपरहीरो का संसार

दोनों फिल्ममेकर्स ने माना कि भारत में पौराणिक कथाओं और लोककथाओं का विशाल संसार मौजूद है. भारतीय दर्शक बचपन से देवी-देवताओं, चमत्कारों और असाधारण शक्तियों की कहानियां सुनते आए हैं. बेसिल के मुताबिक, भारतीय कहानियों में ऐसे दिव्य किरदारों की लंबी परंपरा है, जो संकट के समय लोगों की रक्षा करते हैं. यही विरासत फिल्ममेकर्स को नए सिनेमाई संसार रचने की प्रेरणा देती है.

अयान मुखर्जी ने ‘ब्रह्मास्त्र’ के निर्माण को बेहद चुनौतीपूर्ण और लॉजिस्टिक रूप से जटिल बताया. उन्होंने कहा कि सीमाएं कई बार फिल्मकारों को पारंपरिक रास्तों से हटकर नए और रचनात्मक समाधान खोजने के लिए प्रेरित करती हैं.

बेसिल जोसेफ ने फिल्ममेकिंग में ईमानदारी और मौलिकता को जरूरी बताते हुए कहा कि फिल्म को सिर्फ ‘कूल’ दिखाने के लिए अपनी पहचान और किरदारों की सच्चाई से समझौता नहीं करना चाहिए.

कुल मिलाकर, IFFI के इस सत्र में यह संदेश उभरकर सामने आया कि भारत के पास सुपरहीरो और फैंटेसी की अपनी दुनिया रचने के लिए पौराणिक कथाओं, आध्यात्मिकता और लोकसंस्कृति का खजाना मौजूद है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Cricket Live

Horoscope

Share Market