Shabnam Murder Case: दिल्ली के एक कपड़ों के शोरूम में शनिवार शाम जो हुआ, उसने हर किसी को सन्न कर दिया. जिस ट्रायल रूम में ग्राहक कपड़े बदलने के लिए जाते हैं, वही 18 साल की शबनम के लिए कत्लगाह बन गया. आरोप है कि शोरूम में पहुंचा सूरज पहले शबनम के साथ मारपीट करता है, फिर उसे घसीटते हुए ट्रायल रूम के अंदर ले जाता है. कुछ देर बाद उसी कमरे से शबनम की लाश बरामद होती है. उसका गला धारदार हथियार से रेता गया था. इस सनसनीखेज हत्याकांड का एक्सक्लूसिव CCTV फुटेज सामने आया है. पुलिस ने आरोपी सूरज को गिरफ्तार कर लिया है.
CCTV में कैद कत्ल की खौफनाक तस्वीर
मोती नगर मर्डर केस के CCTV फुटेज में आरोपी सूरज की हैवानियत साफ दिखाई देती है. फुटेज में वह शोरूम के अंदर शबनम पर हमला करता नजर आता है. शबनम खुद को बचाने की कोशिश करती है. वह बैठकर रोती है, चिल्लाती है और मदद की गुहार लगाती दिखाई देती है. लेकिन आरोपी का हमला जारी रहता है. इसके बाद सूरज उसे घसीटकर ट्रायल रूम की तरफ ले जाता है. पुलिस के मुताबिक, इसी ट्रायल रूम के भीतर धारदार हथियार से शबनम का गला काटकर उसकी हत्या कर दी गई.
दोस्ती से दुश्मनी तक, रिश्तों में आई थी दरार
पुलिस की शुरुआती जांच में इस हत्या के पीछे निजी रिश्तों में आई कड़वाहट और एकतरफा प्यार का शक सामने आया है. शबनम और सूरज एक-दूसरे को पहले से जानते थे. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले दोस्ताना संबंध थे, लेकिन पिछले कुछ महीनों से उनके रिश्ते बिगड़ गए थे. पुलिस इसी एंगल से मामले की जांच कर रही है. शबनम के परिवार ने भी आरोप लगाया है कि सूरज पहले भी उसके साथ मारपीट कर चुका था. परिवार के मुताबिक, दोनों के बीच पहले से जान-पहचान थी और आरोपी का व्यवहार शबनम के प्रति ठीक नहीं था.
शिफ्ट खत्म होने के वक्त शोरूम पहुंचा था सूरज
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, शनिवार शाम सूरज उस वक्त शोरूम पहुंचा, जब शबनम की ड्यूटी खत्म होने वाली थी. आरोप है कि वह अपने साथ धारदार हथियार लेकर आया था. उसने शबनम को बातचीत के बहाने चेंजिंग रूम की तरफ बुलाया. पुलिस को शक है कि इसके बाद उसने शबनम पर हमला किया और उसका गला रेतकर मौके से फरार हो गया. शोरूम में मौजूद दूसरे कर्मचारियों को उस वक्त तक वारदात की भनक नहीं लगी थी.
वारदात की रात 9 बजे खुला खौफनाक राज
शोरूम बंद करने की तैयारी चल रही थी. कर्मचारी जब अंदर के ट्रायल रूम की तरफ पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. शबनम खून से लथपथ हालत में पड़ी थी. आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची दिल्ली पुलिस ने जांच शुरू की. युवती की गर्दन पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, ताकि मौत की सटीक वजह और अन्य पहलुओं की पुष्टि हो सके.
मोबाइल कैमरे में कैद हुआ मौत का मंजर
वारदात के बाद शोरूम के आसपास अफरातफरी मच गई. पास की एक दुकान के मालिक उन शुरुआती लोगों में शामिल थे, जो घटना के बाद शोरूम के भीतर पहुंचे. घटनास्थल का एक मोबाइल वीडियो भी सामने आया है. इसमें ट्रायल रूम के दरवाजे के नीचे बनी जगह से खून बहता दिखाई देता है. वीडियो में एक महिला की आवाज सुनाई देती है, जो लोगों से पुलिस बुलाने को कह रही है. वह यह भी बताती है कि ट्रायल रूम का दरवाजा बाहर से बंद था. इस वीडियो ने वारदात की भयावहता को और उजागर कर दिया.
CCTV से आरोपी तक पहुंची पुलिस
हत्या के बाद आरोपी सूरज अपने परिवार के साथ घर से गायब बताया जा रहा था. दिल्ली पुलिस ने उसकी तलाश के लिए कई टीमें बनाई थीं. पुलिस ने उसके कुछ रिश्तेदारों से भी पूछताछ की. शोरूम के अंदर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई. इन कैमरों की मदद से आरोपी की गतिविधियों, वारदात के क्रम और मौके से फरार होने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की गई. अब पुलिस ने सूरज को पकड़ लिया है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. हत्या की वजह, वारदात में इस्तेमाल हथियार और घटनाक्रम से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच जारी है.









