IFFI 2026: मुकेश के गजेंद्र, वरिष्ठ फिल्म पत्रकार, पणजी, गोवा
गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI 2026) का पांचवां दिन सिनेमा, कला, रचनात्मकता और सामाजिक सरोकारों के नाम रहा. कहीं रेड कार्पेट पर बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ का अंदाज चर्चा में रहा, तो कहीं युवा कलाकारों को अभिनय की बारीकियां सीखने का मौका मिला. वहीं, अंतरराष्ट्रीय महिला फिल्मकारों ने सिनेमा में अपनी पहचान, सांस्कृतिक विरासत और रचनात्मक स्वतंत्रता पर खुलकर विचार रखे. इस बीच फिल्म ‘द ब्लैक सी’ ने इंसानी इच्छाओं, महत्वाकांक्षाओं और उनके खतरनाक परिणामों को एक अनोखे सिनेमाई अंदाज में पेश किया.
रेड कार्पेट पर जैकी श्रॉफ का जलवा
IFFI के पांचवें दिन रेड कार्पेट पर अभिनेता जैकी श्रॉफ खास आकर्षण का केंद्र रहे. उनके साथ NFDC के चेयरपर्सन जी. कृष्णकुमार और महोत्सव के निदेशक आशुतोष गोवारिकर भी नजर आए. तीनों भारतीय पैनोरमा की फिल्म ‘द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो: एलियंस का आगमन’ की स्क्रीनिंग से पहले रेड कार्पेट पर पहुंचे.
फिल्म महोत्सव में इस दौरान कलाकारों और सिनेमा से जुड़ी हस्तियों की मौजूदगी ने माहौल को खास बना दिया. रेड कार्पेट की ये तस्वीरें IFFI के सिनेमाई उत्सव और भारतीय फिल्मों के प्रति दर्शकों के उत्साह को दिखाती नजर आईं.
‘एक्टर बनने से आपको कौन रोक रहा है?’
IFFI के ‘क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो’ कार्यक्रम के तहत अभिनेता और अभिनय प्रशिक्षक सौरभ सचदेवा ने युवा कलाकारों के लिए एक खास मास्टरक्लास आयोजित की. ‘एक्टर बनने से आपको कौन रोक रहा है?’ विषय पर हुई इस बातचीत में उन्होंने अभिनय की दुनिया की चुनौतियों, कलाकारों की तैयारी और अपने सिनेमाई सफर के अनुभव साझा किए.
सौरभ सचदेवा ने युवाओं को समझाया कि एक बेहतर अभिनेता बनने के लिए सिर्फ बाहरी व्यक्तित्व या शारीरिक बनावट पर काम करना काफी नहीं है, बल्कि अभिनय की समझ, किरदार की गहराई और भावनाओं को पर्दे पर उतारने की क्षमता भी बेहद जरूरी है.
इस मास्टरक्लास का मकसद युवा प्रतिभाओं को अभिनय की वास्तविक दुनिया से रूबरू कराना और उन्हें अपने हुनर को निखारने के लिए प्रेरित करना रहा.
महिला फिल्मकारों ने उठाई पहचान और रचनात्मक आजादी की बात
IFFI के दौरान आयोजित पैनल चर्चा ‘Her Lens, Her Legacy, Her Liberty: Women Shaping World Cinema’ में अलग-अलग सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से आई महिला फिल्मकारों ने अपनी जिंदगी, पहचान और सिनेमा के अनुभव साझा किए.
इस चर्चा में किर्गिस्तान की लेखिका-निर्देशक नरघिजा डोटीएवा, रोमानिया की रोमा अभिनेत्री एवं फिल्मकार अलीना शेरबान और मैक्सिकन-अमेरिकी लेखिका-निर्देशक सुजैन एंड्रयूज कोरिया शामिल हुईं. भारतीय फिल्मकार अभिषेक जैन ने चर्चा का संचालन किया.
नरघिजा डोटीएवा ने बताया कि किस तरह उनके बचपन और किर्गिस्तान की सांस्कृतिक विरासत ने उनकी कहानी कहने की शैली को प्रभावित किया. उन्होंने अपने नाना द्वारा सुनाई जाने वाली पारंपरिक किर्गिज मौखिक कविताओं को अपनी रचनात्मक यात्रा की प्रेरणा बताया. विज्ञापन की दुनिया में काम करने के बाद उन्होंने अपनी शुरुआती फिल्मों के लिए खुद आर्थिक संसाधन जुटाए. उनकी पहली फीचर फिल्म ‘स्काईलार्क’ सीमावर्ती इलाकों के इतिहास और सार्वभौमिक मानवीय भावनाओं को सामने लाती है.
वहीं, रोमानिया के बुखारेस्ट में रोमा परिवार में जन्मीं अलीना शेरबान ने IFFI में अपनी भागीदारी को भावनात्मक अनुभव बताया. उन्होंने रोमा समुदाय और राजस्थान के बीच ऐतिहासिक संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि रोमा भाषा में भारतीय मूल के कई शब्द मौजूद हैं.
अलीना ने अपने बचपन में झेले सामाजिक भेदभाव और पूर्वाग्रहों का भी उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि थिएटर और सिनेमा उनके लिए अपनी पहचान और समुदाय की कहानियों को सामने लाने का माध्यम बने. अपनी फिल्म ‘आई मैटर’ के जरिए वह रोमा समुदाय की गरिमा, संघर्ष और आत्मसम्मान को आवाज देने की कोशिश कर रही हैं.
इस चर्चा में महिला फिल्मकारों ने इस बात पर जोर दिया कि सिनेमा सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अपनी पहचान, संस्कृति और उन कहानियों को दुनिया के सामने रखने का सशक्त जरिया भी है, जिन्हें अक्सर मुख्यधारा में जगह नहीं मिलती.
महत्वाकांक्षा की हद और इंसानी फितरत की कहानी है ‘द ब्लैक सी’
IFFI में एक खास फिल्म ‘द ब्लैक सी’ की स्क्रीनिंग भी चर्चा का विषय रही. फिल्म के निर्देशक अलादीन मुस्तफा ने अपनी पहली फीचर फिल्म के विषय और इसकी प्रेरणा पर बात करते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर अरब संस्कृति की कहानी प्रस्तुत करने पर खुशी जाहिर की.
निर्देशक के मुताबिक, फिल्म का केंद्रीय विचार इंसान की अनियंत्रित इच्छाओं और महत्वाकांक्षाओं के इर्द-गिर्द घूमता है. कहानी इस सवाल को सामने रखती है कि जब कोई व्यक्ति अपने लक्ष्य को हासिल करने की जिद में हर सीमा पार करने लगता है, तो उसकी इच्छाएं किस हद तक खतरनाक रूप ले सकती हैं.
फिल्म यह भी सवाल उठाती है कि अपनी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए इंसान आखिर किस हद तक जा सकता है और इसके लिए कौन-कौन से चरम कदम उठा सकता है.
अलादीन मुस्तफा ने बताया कि अपनी पहली फीचर फिल्म के लिए इस विषय को चुनना उनके लिए एक महत्वपूर्ण रचनात्मक फैसला था. ‘द ब्लैक सी’ के जरिए उन्होंने मानवीय स्वभाव के जटिल पहलुओं और इच्छाओं के परिणामों को एक अलग सिनेमाई नजरिए से पेश करने की कोशिश की है.
दुनिया की कहानियों को एक मंच दे रहा IFFI
कुल मिलाकर IFFI 2026 का पांचवां दिन सिनेमा के कई अलग-अलग पहलुओं को सामने लाने वाला रहा. जैकी श्रॉफ की मौजूदगी ने रेड कार्पेट की रौनक बढ़ाई, सौरभ सचदेवा की मास्टरक्लास ने युवा कलाकारों को सीखने का अवसर दिया और महिला फिल्मकारों की चर्चा ने विश्व सिनेमा में पहचान और रचनात्मक स्वतंत्रता के महत्व को रेखांकित किया.
वहीं, ‘द ब्लैक सी’ जैसी फिल्म ने मानवीय इच्छाओं और महत्वाकांक्षाओं पर गंभीर सवाल उठाए. ‘सीमाओं से परे कहानियां’ (Stories Without Borders) की थीम के साथ आयोजित यह महोत्सव एक बार फिर साबित कर रहा है कि सिनेमा की कोई सीमा नहीं होती. भाषा, संस्कृति और देश से परे कहानियां ही दुनिया के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ती हैं.









