November 16, 2026 5:39 am

UP Elections से पहले BJP की 209 उम्मीदवारों की लिस्ट पर बवाल, CM योगी ने बताया असली सच!

UP BJP Candidate List

UP Elections: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के टिकट को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं. इसी बीच सोशल मीडिया और कुछ समाचार माध्यमों में 209 संभावित उम्मीदवारों की एक कथित सूची सामने आने का दावा किया गया. बताया गया कि बीजेपी ने इन नामों को फाइनल कर केंद्रीय नेतृत्व के पास भेज दिया है. इस खबर के सामने आते ही पार्टी के भीतर टिकट को लेकर अटकलें शुरू हो गईं. अब यूपी बीजेपी ने इन तमाम दावों पर विराम लगाते हुए कथित सूची को पूरी तरह फर्जी, काल्पनिक और मनगढ़ंत करार दिया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस खबर का खंडन किया है.

209 उम्मीदवारों की लिस्ट पर BJP का दो टूक जवाब

15 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बीजेपी ने साफ कहा है कि पार्टी या प्रदेश नेतृत्व की ओर से 209 संभावित उम्मीदवारों की ऐसी कोई सूची तैयार नहीं की गई है. न ही किसी सूची को केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजा गया है. पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया अभी शुरू तक नहीं हुई है. ऐसे में उम्मीदवारों के नाम फाइनल होने या सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने की खबरों का कोई आधार नहीं है.

टिकट बंटवारे की अपनी प्रक्रिया का दिया हवाला

बीजेपी ने अपने संगठनात्मक ढांचे और चुनावी प्रक्रिया का हवाला देते हुए कहा है कि पार्टी एक अनुशासित और कैडर आधारित राजनीतिक दल है. विधानसभा चुनाव हो या कोई दूसरा चुनाव, उम्मीदवारों के चयन के लिए पार्टी में सुव्यवस्थित, लोकतांत्रिक और निर्धारित संगठनात्मक प्रक्रिया अपनाई जाती है. इसी प्रक्रिया के तहत प्रत्याशियों का चयन होता है. पार्टी के मुताबिक, यूपी विधानसभा चुनाव के लिए यह प्रक्रिया फिलहाल शुरू ही नहीं हुई है.

भ्रम फैलाने की साजिश का लगाया आरोप

बीजेपी ने 209 उम्मीदवारों की कथित सूची से जुड़ी खबरों को भ्रामक दुष्प्रचार बताया है. पार्टी का आरोप है कि इस तरह की खबरें सोची-समझी साजिश के तहत फैलाई जा रही हैं. इसके पीछे कुछ तत्वों का मकसद पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं के बीच भ्रम, असमंजस और भय का माहौल पैदा करना हो सकता है. बीजेपी ने अपने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से ऐसी खबरों पर भरोसा नहीं करने की अपील की है.

आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करने की अपील

पार्टी ने कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों से भी कहा है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली तथ्यहीन और भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहें. बीजेपी ने स्पष्ट किया कि पार्टी से जुड़ी किसी भी खबर को प्रमाणिक मानने से पहले यह सुनिश्चित किया जाए कि सूचना पार्टी के आधिकारिक मंचों से जारी हुई है या नहीं.

योगी और पंकज चौधरी के हस्ताक्षर से जारी हुआ प्रेस नोट

इस पूरे मामले में खास बात यह है कि खंडन के लिए जारी प्रेस विज्ञप्ति पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी के हस्ताक्षर हैं. दोनों नेताओं की ओर से जारी संयुक्त बयान में 209 उम्मीदवारों की सूची तैयार होने और उसे केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने के दावे को सिरे से खारिज किया गया है.

फिलहाल बीजेपी ने साफ कर दिया है कि यूपी विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन की आधिकारिक प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है. यानी 209 नामों वाली कथित सूची को पार्टी ने फर्जी बताते हुए टिकट बंटवारे को लेकर चल रही अटकलों पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Cricket Live

Horoscope

Share Market