Kalyan Singh Family Tilak Ceremony: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अलीगढ़ में एक पारिवारिक समारोह में शामिल हुए. मौका था पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय कल्याण सिंह के पोतों, राज्यमंत्री संदीप सिंह और उनके भाई सौरभ सिंह के तिलक एवं सगाई समारोह का. मुख्यमंत्री ने दोनों भाइयों को आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. इस दौरान योगी आदित्यनाथ अपने चिरपरिचित अंदाज से इतर हल्के-फुल्के मूड में भी नजर आए. उन्होंने पूर्व सांसद और बीजेपी नेता राजवीर सिंह राजू का जिक्र करते हुए ऐसी बात कही कि समारोह में मौजूद लोग ठहाके लगाने लगे.
‘बाबूजी का आशीर्वाद दोनों भाइयों पर बना रहे’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार दोपहर करीब 3:45 बजे हेलीकॉप्टर से अलीगढ़ पहुंचे. रामघाट रोड स्थित समारोह स्थल पर पहुंचकर उन्होंने संदीप सिंह और सौरभ सिंह को तिलक एवं सगाई की बधाई दी. मंच से लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी दोनों भाइयों को अपना आशीर्वाद दें, ताकि उनका जीवन उज्ज्वल हो. बांके बिहारी का आशीर्वाद सदैव उनके साथ बना रहे. साथ ही उनके दादा स्वर्गीय कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ का आशीर्वाद भी दोनों भाइयों पर बना रहे. इसी कामना के साथ मैं उन्हें हृदय से बधाई देता हूं.

राजवीर सिंह राजू की पत्नी का जिक्र, समारोह में लगे ठहाके
समारोह में मुख्यमंत्री का एक हल्का-फुल्का अंदाज भी देखने को मिला. योगी आदित्यनाथ ने मंच से पूर्व सांसद और बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजवीर सिंह राजू का जिक्र करते हुए कहा कि राजू भैया ने अपनी पत्नी के दबाव में आप सभी को न्योता दिया है. आप सभी के आने से हम लोगों को भी इस दावत में शामिल होने का अवसर मिल गया. मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी पर मंच पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ सामने बैठे लोग भी हंस पड़े.
योगी ने आगे कहा कि संदीप सिंह सरकार में मंत्री हैं और वह इस आयोजन के लिए उन्हें पहले ही आमंत्रित कर चुके थे. मुख्यमंत्री की इस सहज टिप्पणी ने समारोह के माहौल को और खुशनुमा बना दिया.
भीड़ देखकर बोले- बाबूजी के परिवार के प्रति आपका स्नेह है
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में जुटे लोगों की मौजूदगी का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उन्होंने सोचा था कि शाम तक पहुंचने पर कार्यक्रम में लोगों की संख्या कम हो जाएगी, लेकिन यहां तो लगातार आगंतुकों और आशीर्वाद देने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है. यह बाबूजी के परिवार के प्रति आप सभी लोगों का स्नेह है. उन्होंने समारोह में पहुंचे सभी लोगों का हृदय से आभार जताया.
जय श्रीराम और हर-हर महादेव के उद्घोष से किया अभिवादन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम करीब 4:17 बजे कार्यक्रम स्थल पर बने मंच पर पहुंचे. उन्होंने ‘जय श्रीराम’ और ‘नमो पार्वती पतये, हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ उपस्थित लोगों का अभिवादन किया. करीब छह मिनट के संबोधन में उन्होंने दोनों भाइयों को आशीर्वाद दिया और समारोह में शामिल लोगों के प्रति आभार जताया.
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री करीब 4:30 बजे हेलीकॉप्टर से आगरा के लिए रवाना हो गए. इस दौरान उनके साथ कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, दयाशंकर सिंह, पूर्व सांसद राजवीर सिंह, विधायक अनिल पाराशर, राजकुमार सहयोगी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.









