Tanmay Bhat Weight Loss: कॉमेडी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाले तन्मय भट्ट इन दिनों अपने जोक्स नहीं, बल्कि अपने जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन को लेकर चर्चा में हैं. कभी 168 किलो वजन वाले तन्मय अब करीब 110 किलो के हो गए हैं. यानी उन्होंने लगभग 58 किलो वजन कम कर लिया है. उनकी इस गजब की Weight Loss Journey ने सोशल मीडिया पर फैंस को हैरान कर दिया है. खास बात यह है कि तन्मय ने इस बदलाव के लिए सिर्फ वजन घटाने पर ध्यान नहीं दिया, बल्कि अपनी पूरी लाइफस्टाइल को बदल डाला.
तन्मय की इस जर्नी के पीछे कोई रातोंरात हुआ चमत्कार नहीं, बल्कि रोजमर्रा की छोटी-छोटी आदतों में बदलाव और लगातार मेहनत है. उन्होंने अपनी पसंद की फिजिकल एक्टिविटी को दिनचर्या का हिस्सा बनाया, खानपान में सुधार किया और खुद को अनुशासन में रखा. उनकी इस वेट लॉस जर्नी के पांच ऐसे पहलू सामने आए हैं, जिन्होंने उनके ट्रांसफॉर्मेशन में अहम भूमिका निभाई.
1. रोजाना एक्सरसाइज के लिए दो घंटे तय
तन्मय ने अपनी फिटनेस को प्राथमिकता दी और फिजिकल एक्टिविटी के लिए रोजाना समय निकालना शुरू किया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह हर दिन करीब दो घंटे वर्कआउट या किसी न किसी तरह की शारीरिक गतिविधि के लिए रखते हैं. उन्होंने इसे अपनी दिनचर्या का ऐसा हिस्सा बना लिया, जिससे समझौता नहीं किया जाता. फिटनेस के मामले में नियमितता उनकी सबसे बड़ी ताकत बनी.
2. जिम से ज्यादा बैडमिंटन पर भरोसा
तन्मय ने फिट रहने के लिए खुद को सिर्फ जिम तक सीमित नहीं रखा. उन्हें बैडमिंटन खेलना पसंद है और इस खेल को उन्होंने अपनी फिटनेस जर्नी का अहम हिस्सा बनाया. बैडमिंटन के साथ उन्होंने वेट ट्रेनिंग भी जारी रखी. यानी उन्होंने ऐसी गतिविधियों को चुना, जिन्हें करना उन्हें पसंद था. इससे एक्सरसाइज उनके लिए बोझ नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन गई.
3. डाइट में बदलाव, खाने से दूरी नहीं
वजन घटाने के लिए तन्मय ने कोई ऐसा डाइट प्लान नहीं अपनाया, जिसे लंबे समय तक फॉलो करना मुश्किल हो. उन्होंने अपने खानपान को आसान और व्यावहारिक रखा. बाहर का खाना पूरी तरह छोड़ने के बजाय हेल्दी विकल्प चुनने पर जोर दिया. इसके अलावा उन्होंने इंटरमिटेंट फास्टिंग पर भी ध्यान दिया और दिन में कम से कम एक हेल्दी मील को अपनी दिनचर्या का नियमित हिस्सा बनाया.
4. पहले दिमाग को किया मजबूत
वजन कम करने की जंग सिर्फ शरीर की नहीं, बल्कि दिमाग की भी होती है. तन्मय ने अपनी मेंटल स्ट्रेंथ और अनुशासन पर भी काम किया. उन्होंने रोजमर्रा के फैसलों में सावधानी बरतनी शुरू की. बेवजह स्नैकिंग से बचना हो या अपने फिटनेस रूटीन पर कायम रहना, उन्होंने छोटी-छोटी आदतों को बदलने पर ध्यान दिया. किसी दिन लक्ष्य के मुताबिक न चल पाने पर पूरी कोशिश छोड़ देने के बजाय दोबारा ट्रैक पर लौटना उनकी रणनीति का हिस्सा रहा.
5. निरंतरता को बनाया सबसे बड़ा हथियार
तन्मय की वेट लॉस जर्नी में सबसे अहम भूमिका Consistency की रही. उन्होंने फिटनेस को कुछ दिनों या हफ्तों का टास्क नहीं बनाया, बल्कि इसे अपनी जिंदगी का हिस्सा बना लिया. रोजाना की छोटी-छोटी कोशिशों का असर धीरे-धीरे बड़े बदलाव के रूप में सामने आया. यही वजह है कि उनका वजन लगातार कम हुआ. रिपोर्ट के मुताबिक, तन्मय का लक्ष्य अभी और करीब 20 किलो वजन कम करना है.
सिर्फ वजन नहीं, पूरी लाइफस्टाइल बदली
तन्मय भट्ट का ट्रांसफॉर्मेशन इस बात की मिसाल है कि फिटनेस की शुरुआत किसी बड़े या मुश्किल प्लान से ही हो, यह जरूरी नहीं. अपनी पसंद की एक्सरसाइज, खानपान में समझदारी, मानसिक मजबूती और नियमितता भी बदलाव की दिशा तय कर सकती है. हालांकि, हर व्यक्ति का शरीर और स्वास्थ्य अलग होता है. इसलिए किसी भी डाइट या वर्कआउट रूटीन को अपनाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है.









