Azam Khan Released: जेल की सलाखों के पीछे से बाहर आते ही समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के तेवर तल्ख नजर आए. डासना जेल से रिहाई के बाद उनके मुंह से निकले पहले शब्दों ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी.
सौरभ कुमार, लखनऊ
आजम खान ने अपनी गिरफ्तारी और जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा, “मेरा गुनाह सिर्फ इतना है कि एक मुसलमान ने शिक्षा का मंदिर बनाया है, ये उसकी सजा है.” आजम खान का यह बयान सीधे तौर पर उनकी गिरफ्तारी और उनके खिलाफ हुई कार्रवाई को लेकर उनके दर्द और नाराजगी को जाहिर करता है.
इलाहाबाद हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद आजम खान की डासना जेल से रिहाई हुई. जेल से बाहर निकलते ही वह रामपुर के लिए रवाना हो गए. इस दौरान उनके चेहरे पर लंबे समय से चल रही कानूनी लड़ाई की थकान भी दिखी और अपनी बात रखने का अंदाज भी पहले की तरह बेबाक रहा.
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनके साथ जो जुल्म संभव थे, वे सब हुए हैं. हालांकि, अदालत के फैसले पर उन्होंने संतोष जताया और कहा कि अदालत ने बहुत इंसाफ किया है, जिसके लिए वह शुक्रगुजार हैं.
ED पर आजम खान का सीधा हमला
आजम खान ने अपनी गिरफ्तारी में प्रवर्तन निदेशालय यानी ED की भूमिका पर भी सवाल उठाए. उन्होंने जांच एजेंसी को नसीहत देते हुए कहा कि ED के अधिकारी अपनी इमेज ठीक करें और खुद को सुधारें.
उन्होंने कहा कि न देश को बर्बाद करें और न ही खुद को बर्बाद करें. आजम खान के इस बयान को उनकी गिरफ्तारी और जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली के खिलाफ उनके सीधे हमले के तौर पर देखा जा रहा है.
रिहाई के साथ फिर गरमाई सियासत
आजम खान की रिहाई समाजवादी पार्टी के लिए भी अहम सियासी घटनाक्रम है. लंबे समय से कानूनी मुश्किलों का सामना कर रहे पार्टी के इस कद्दावर नेता की वापसी ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर उनकी भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं. जेल से बाहर आने के बाद उनके पहले बयान में शिक्षा, गिरफ्तारी, कथित जुल्म और जांच एजेंसियों को लेकर नाराजगी साफ दिखाई दी.
फिलहाल आजम खान रामपुर के लिए रवाना हो चुके हैं. लेकिन जेल के दरवाजे से बाहर निकलते ही दिया गया उनका बयान यह संकेत दे रहा है कि उनकी कानूनी लड़ाई के साथ-साथ सियासी लड़ाई भी आगे जारी रह सकती है.









